वाराणसी। मंडुआडीह थानाक्षेत्र के नैपुरवा गांव में घर के बाहर खेल रहे डेढ़ वर्षीय मासूम की पानी से भरे 10 लीटर के ड्रम में डूबने से मौत हो गयी। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम अपनी चार बहनों में सबसे छोटा और घर का चिराग था। घटना के सम्बन्ध में मासूम के पिता पिंटू पटेल ने बताया कि वो घर से कुछ दूरी पर बैठे थे। इसी दौरान उनका इकलौता डेढ़ वर्षीय पुत्र पूरब पटेल वहीं खेल रहा था। वहीं उसकी मां राधा देवी भी मौजूद थी। राधा देवी किसी काम से अंदर गयी उसी दौरान पूरब वहां रखे दस लीटर के पानी भरे ड्रम में गिर गया। 15 मिनट बाद जब पूरब नहीं दिखा तो पिंटू ने उसे खोजना शुरू किया। पिंटू ने रोते हुए बताया कि इसी दौरान पूरब ड्रम के अंदर सर के बल गिरा मिला। परिजन उसे लेकर पास के एक निजी अस्पताल में ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद भी परिजनों का मन नहीं माना तो दूसरे अस्पताल ले गए, वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया तो परिजनों में कोहराम मच गया। मां राधा, पिता पिंटू, दादा नंदलाल बार-बार गश खाकर गिर जा रहे थे। बहन निशा, चांदनी, शालिनी और रोशनी के करुण क्रंदन से उनको देखने वालों की भी आंख डबडबा जा रही थी। परिजनों ने बताया कि चार बहनों के बाद बहुत मन्नत के बाद पूरब पैदा हुआ था।