वाराणसी। अयोध्या के प्राचीनतम साकेत भूषण श्रीराम पीठ विद्याकुण्ड के लश्करी सम्प्रदाय के गद्याचार्य महंत शम्भू देवाचार्य ने जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता एवं विशाल भारत संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ राजीव कुमार श्रीवास्तव को श्रीराम पीठ का केन्द्रीय व्यवस्था प्रमुख मनोनीत किया है। डॉ राजीव कुमार श्रीवास्तव मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय सेवा प्रमुख, अनाज बैंक के संस्थापक चेयरमैन, पातालपुरी मठ के ट्रस्टी एवं इतिहासकार हैं। डॉ राजीव ने लमही के इन्द्रेश नगर में सुभाष मंदिर का निर्माण कराया, जहां पहली दलित महिला पुजारी की नियुक्ति करायी। दलित पुजारी प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाकर दलित वर्ग में से पुजारी बनाने की योजना पर कार्यरत हैं, ताकि व्यवहारिक रूप से छूआछूत की समाप्ति हो सके। अब डॉ राजीव अयोध्या के रामपीठ के व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। महंत शम्भू देवाचार्य ने अयोध्या के महात्म्य से विश्वभर को परिचित कराने अयोध्या के अन्य मंदिरों के पुननिर्माण, राम चरित्र को विश्वभर में फैलाने के उद्देश्य से श्रीराम जन्मभूमि पूजनोत्सव के दिन 5 अगस्त को चार विशिष्ट हस्तियों को मनोनीत किया है। जिसमें काशी से डॉ राजीव कुमार श्रीवास्तव के अतिरिक्त गोपी राधा इंटर कॉलेज के प्रबन्धक मनोज कुमार शाह को केन्द्रीय विदेश सम्पर्क प्रमुख मनोनीत किया।
वहीं नागपुर से संघ विचारक एवं पत्रकार विराग पाचपोर को केन्द्रीय प्रचार प्रमुख एवं नई दिल्ली के भारत रावत को सह प्रचार प्रमुख मनोनीत किया है। लश्करी सम्प्रदाय का यह मठ अत्यन्त प्राचीन एवं ऐतिहासिक है। इसी मठ में श्रीराम, भरत, लक्ष्मण एवं शत्रुघ्न की प्राथमिक शिक्षा दीक्षा हुयी थी। साकेत भूषण श्रीराम पीठ में भगवान श्रीराम की हजारों साल पुरानी मूर्ति पुरातात्विक दृष्टि से अत्यन्त महत्व की है।